जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में कल राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबला खेला जाएगा। इस बड़े मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने स्टेडियम पहुंचकर अभ्यास किया। राजस्थान रॉयल्स की टीम के युवा स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अभ्यास के दौरान खास आकर्षण का केंद्र रहे। वैभव छह गेंदों पर छह छक्के लगाने की चुनौती के साथ बल्लेबाजी का अभ्यास करते दिखे। टीम के स्पिनर रवि बिश्नोई बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर के साथ फील्डिंग अभ्यास करते नजर आए। कैचिंग, रनिंग और मैच सिचुएशन को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों ने अलग-अलग सेशन में हिस्सा लिया। दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद के स्टार बल्लेबाज अभिषेक शर्मा भी अलग अंदाज में नजर आए। बल्लेबाजी के बजाय बॉलिंग अभ्यास करते दिखे। अभिषेक ने टीम के स्पिन कोच मुथैया मुरलीधरन से बातचीत कर गेंदबाजी के टिप्स लिए और नेट्स में अपनी बॉलिंग पर खास मेहनत की। अभिषेक शर्मा के साथ कप्तान पैट कमिंस समेत हैदराबाद के सभी खिलाड़ी बैटिंग और बॉलिंग प्रैक्टिस में जुटे रहे। देखिए, दोनों टीमों के प्रैक्टिस से जुड़ी PHOTOS… हमारा बैटिंग लाइनअप काफी मजबूत है राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा ने जयपुर में बढ़ती गर्मी को लेकर मजाकिया अंदाज में प्रतिक्रिया दी। संगाकारा ने कहा- यह अच्छी बात है कि इस गर्मी में मुझे मैदान में उतरना नहीं पड़ रहा। मैं डग आउट में बैठकर गर्मी से बच रहा हूं। इस बार टीम के पास बेहद मजबूत बैटिंग यूनिट है। ओपनिंग बल्लेबाजों की जोड़ी विपक्षी टीमों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है। हमारा बैटिंग लाइनअप काफी मजबूत है। टीम के शानदार ऑलराउंडर्स हमें और ज्यादा मजबूत बना रहे हैं। पैट कमिंस अब पूरी तरह फिट हैं सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच डेनियल विटोरी ने कप्तान पैट कमिंस की फिटनेस को लेकर कहा- पैट कमिंस अब पूरी तरह फिट हैं और अगले मुकाबले में टीम की कमान संभालेंगे। पैट कमिंस की वापसी से सनराइजर्स की गेंदबाजी और नेतृत्व दोनों को मजबूती मिलेगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू मैदान और मजबूत बल्लेबाजी के दम पर जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी।