झालावाड़ में सोमवार को 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तहत जिला स्तरीय कार्यक्रम राज राजेश्वर मंदिर बारहद्वारी, मंगलपुरा में आयोजित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भाग लेकर भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और आध्यात्मिक विरासत के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। यह कार्यक्रम सोमनाथ मंदिर पर हुए पहले आक्रमण के 1000 वर्ष पूरे होने और मंदिर के पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और विद्युत रोशनी से सजाया गया था, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। आयोजन स्थल पर धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की एक विशेष श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान शिव का रुद्राभिषेक और विधिवत पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार और सामूहिक मंत्र जाप से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनुराग भार्गव, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी राम सिंह मीणा, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी पवन पाटीदार सहित अन्य अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना में हिस्सा लिया। शिव भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति कराई। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। साथ ही, जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी श्रद्धालुओं ने देखा। जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता, पेयजल और बैठक व्यवस्था सहित सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए गए थे। इस विशेष आयोजन के माध्यम से समाज में सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया।