सागवाड़ा थाना क्षेत्र में 7वीं कक्षा का एक छात्र स्कूल की छुट्टी के बाद घर से निकल गया। छात्र सागवाड़ा से बांसवाड़ा ओर फिर जयपुर जाने वाली रोडवेज में बैठा गया। पुलिस ने उसका पता लगाते हुए निंबाहेड़ा से पकड़ा। आरबीएसई से सीबीएसई पैटर्न और स्कूल बदलने से नाराज होकर छात्र घर से निकल गया था। सागवाड़ा थानाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि 13 वर्षीय एक बालक 7वी कक्षा में पढ़ता था। आरबीएसई से सीबीएसई पैटर्न स्कूल में उसका एडमिशन करवाया था। चार दिन से ही वह स्कूल जाने लगा। गुरुवार को स्कूल की छुट्टी के बाद वह स्कूल बस से घर पहुंचा, लेकिन घर जाने के बाद वह निकल गया। सागवाड़ा बस स्टैंड से वह बांसवाड़ा जाने वाली बस में बैठ गया। बांसवाड़ा बस स्टैंड से वह जयपुर जाने वाली बस में बैठ गया। दूसरी ओर बच्चे के गायब होने पर परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन पता नहीं लगा तो सभी घबरा गए। सूचना पर सागवाड़ा पुलिस भी उसकी तलाश में जुट गई। छानबीन के दौरान बच्चे के रोडवेज बस में बैठने का पता लगा। थानाधिकारी ने बताया कि बच्चे का फोटो ओर उसकी जानकारी रोडवेज के ग्रुप में शेयर की गई। इस दौरान एक ड्राइवर ने बच्चे में बांसवाड़ा से बस में बैठना बताया। पुलिस उसे ढूंढती रही। इसी दौरान बच्चे के जयपुर जाने वाली बस में होने पर निंबाहेड़ा पुलिस को सूचना दी। निंबाहेड़ा पुलिस ने बच्चे को बस से सुरक्षित उतारकर थाने लेकर पहुंचे। वहीं, सूचना पर परिजन ओर सागवाड़ा पुलिस भी निंबाहेड़ा पहुंच गए। बच्चा वापस मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली। पुलिस ने बताया कि छात्र पहले आरबीएसई पैटर्न के स्कूल म पढ़ता था, लेकिन इस बार उसका एडमिशन सीबीएसई पैटर्न में करवाया था। जिस वजह से उसका स्कूल भी बदल गया। इससे नाराज होकर छात्र अपनी पॉकेट मनी लेकर निकल गया था।