राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा रविवार से शुरू हुई। पहले दिन सामान्य ज्ञान (ग्रुप-ए) और सोशल साइंस का पेपर हुआ। दोनों पारियों में करीब 61 फीसदी कैंडिडेट यह एग्जाम दिया। पहली पारी का एग्जाम सुबह 10 बजे से 12 बजे तक हुआ, दूसरी पारी का एग्जाम दोपहर 3 बजे से 5:30 बजे तक हुआ। अभ्यर्थियों को 1 घंटे पहले परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। एडमिट कार्ड और मूल आधार कार्ड का मिलान करने के बाद मेटल डिटेक्टर से जांच कर एंट्री दी गई। उदयपुर में प्रत्येक पारी में 24074 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड थे। पहली पारी में सुबह 9 बजे सभी सेंटर्स पर कड़ी सुरक्षा के बीच पेपर पहुंचे। दूसरी पारी का दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक सोशल साइंस का पेपर हुआ। उदयपुर में परीक्षा के लिए 99 सरकारी और निजी स्कूलों में केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 17 जुलाई तक रोजाना दो पारियों में आयोजित होगी। सबसे ज्यादा अभ्यर्थी सोमवार को होने वाली सामान्य ज्ञान (ग्रुप-बी) और हिंदी विषय की परीक्षा में शामिल होंगे। इस दिन 29,488 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए 17 सतर्कता दल और 33 उपसमन्वयक तैनात किए गए हैं। आयोग ने परीक्षा के लिए सख्त दिशा-निर्देश लागू किए हैं। वैध एडमिट कार्ड और मूल पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में अधिकतम 24 अभ्यर्थी बैठने की व्यवस्था की गई और उनकी निगरानी के लिए 2 वीक्षक तैनात किए गए। 6 दिन तक रोजाना सुबह 10 से दोपहर 12 बजे और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक एग्जाम होंगे। 13 जुलाई को सामान्य ज्ञान ग्रुप बी और हिंदी विषय की परीक्षा होगी, जिसमें सबसे अधिक 29,488 अभ्यर्थी बैठेंगे। 14 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप सी तथा विज्ञान विषय की परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान के लिए 29,376 और विज्ञान के लिए 19,488 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। 15 जुलाई को केवल सुबह की पारी में 10 से दोपहर 12:30 बजे तक संस्कृत विषय की परीक्षा होगी, जिसमें 9,912 परीक्षार्थी भाग लेंगे। 16 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक सामान्य ज्ञान ग्रुप डी तथा गणित विषय की परीक्षा होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान के लिए 10,608 और गणित के लिए 5,232 अभ्यर्थी बैठेंगे। परीक्षा के अंतिम दिन 17 जुलाई को सुबह 10 से दोपहर 12:30 बजे तक अंग्रेजी और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक उर्दू विषय की परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें अंग्रेजी विषय के लिए 5,160 और उर्दू के लिए 216 अभ्यर्थी शामिल होंगे।