सीकर के कोतवाली थाना इलाके में भरोसे को तोड़ने वाला मामला सामने आया है, जहां घर पर काम करने वाले नौकर ने ही मालिक के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी नौकर चांदी के बर्तन समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गया, जिसके बाद पीड़ित ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया है। सीकर शहर निवासी संदीप कुमार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उनके घर पर पिछले चार-पांच महीनों से झारखंड के गमटारिया गांव का रहने वाला संजय हाजरा नौकर के रूप में काम कर रहा था। रिपोर्ट के अनुसार, 15 अप्रैल को मौका पाकर संजय हाजरा घर से चांदी के लोटे सहित अन्य चांदी के बर्तन और सामान चोरी कर अपने बैग में डालकर फरार हो गया। घटना के समय घर पर परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। जब परिवार के लोग वापस लौटे तो घर का सामान गायब मिला, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। पीड़ित ने आरोपी के परिजनों से संपर्क किया, लेकिन उसकी पत्नी की ओर से भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले संदीप कुमार की फैक्ट्री में काम करता था और करीब चार-पांच महीने पहले ही उसे घर पर काम के लिए रखा गया था। फिलहाल मामले की जांच एएसआई नरेश कुमार कर रहे हैं। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।