सीकर के थोई थाना क्षेत्र में शादी के बहाने 8 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। दिल्ली की एक गैंग ने युवक को फंसाकर पैसे लिए और फिर महिला जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीकर के ढवासा की ढाणी निवासी कैलाशचंद फुलफकर ने थोई पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दिल्ली निवासी कुसुम गौतम उनकी एक महिला रिश्तेदार के साथ घर आई थी। कुसुम ने दावा किया कि उसकी एक लड़की से पहचान है और वह कैलाशचंद की शादी करवा देगी। इसके बाद कुसुम ने दिल्ली की अंजिता से शादी कराने की बात कही। कुसुम ने दिल्ली निवासी कृष्णा और मनीष के साथ मिलकर इस ठगी को अंजाम दिया। 28 फरवरी को 5 लाख रुपए लेकर 100 रुपए के स्टांप पेपर पर एग्रीमेंट तैयार किया गया। इसके बाद अंजिता को कैलाशचंद के साथ भेज दिया गया। फिर अंजिता को वापस बुला लिया गया और कैलाशचंद से 3 लाख रुपए एक्स्ट्रा वसूले गए। इसके बाद अंजिता को दोबारा कैलाशचंद के पास भेज दिया गया। वह आती-जाती रही। जब कैलाशचंद और उसके परिवार के लोग घर पर नहीं थे तब अंजिता घर से सोने-चांदी के जेवरात और नगदी लेकर फरार हो गई। उसके बाद से अंजिता का मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा है। इसके बाद जब कैलाशचंद ने कुसुम गौतम से बात की तो उसने कहा-"मैं आम आदमी पार्टी की बड़ी लीडर हूं। तेरे को झूठे मुकदमे में फंसाकर बर्बाद कर दूंगी।" बाद में कैलाशचंद को पता चला कि अंजिता पहले से शादीशुदा है और फर्जी दस्तावेज बनाकर लोगों के साथ धोखाधड़ी करती है। इसके गिरोह में कई लोग शामिल हैं। --- ये भी पढ़ें शादी के बाद जेवर लेकर भागी दुल्हन:लड़की की मां और बहन-जीजा को दिए थे 3 लाख रुपए; एक बच्चे की मां थी अलवर में शादी के बाद दुल्हन जेवर लेकर भाग गई। उसकी मां और बहन-जीजा भी इसमें शामिल थे। उन्होंने शादी करवाने के लिए लड़के वालों से 3 लाख रुपए लिए थे। पड़ताल करने पर पता चला कि लड़की पहले से शादीशुदा थी। उसका एक बेटा भी है। मामला अलवर के अखैपुरा थाना इलाके करौली कुंड का है। (पूरी खबर पढ़ें)