जिला कलेक्टर देशल दान ने राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 5 और 6 अप्रैल को आयोजित होने वाली एसआई भर्ती परीक्षा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गुरुकुल और सुरपुर स्थित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने परीक्षार्थियों की बैठक व्यवस्था, केंद्रों पर प्रवेश के दौरान की जाने वाली जांच प्रक्रिया और प्रश्न पत्रों के सुरक्षित वितरण एवं संग्रहण की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने विशेष रूप से डमी कैंडिडेट पर सख्त निगरानी रखने और परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और समयबद्ध प्रक्रिया सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों। उन्होंने परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दिनेश चंद्र धाकड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश सांखला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।