उदयपुर जिले के खेरवाड़ा क्षेत्र के सुंदरा गांव में गोदावरी डेम के कैचमेंट एरिया में एक स्कूली छात्र की डूबने से मौत हो गई। स्कूल से छुट्टी होने के बाद गोविंद मीणा (14) पिता शंभू लाल मीणा अपने मवेशियों को चराने और पानी पिलाने के लिए गोदावरी डेम के कैचमेंट क्षेत्र में गया था। इसी दौरान डेम के किनारे गोविंद का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी डूब गया। यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ। हादसे के समय गोविंद का छोटा भाई भी साथ मौजूद था। छोटा भाई तुरंत दौड़कर गांव पहुंचा और परिजनों सहित ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। बच्चे के डूबने की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना खेरवाड़ा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर खेरवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी करनाराम जाट ने बताया- स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पानी में सर्च ऑपरेशन चलाया। काफी प्रयास के बाद किशोर के शव को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने गुरुवार शाम करीब 6 बजे शव को खेरवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मॉर्च्युरी में रखवाया। 8वीं क्लास में पढ़ता था सुंदरा गांव का रहने वाला गोविंद 8वीं कक्षा में पढ़ता था। स्कूल से छुट्टी होने के बाद गोविंद मवेशियों को चराने डेम क्षेत्र में गया था। इसी दौरान डेम के किनारे उसका पैर फिसलने से वह डूब गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया। कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। खेरवाड़ा थाना पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मर्ग दर्ज कर लिया है।