पाली में आयोजित राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ के 43वें प्रदेश महासमिति अधिवेशन में शिक्षक व शिक्षार्थियों की वर्तमान चुनौतियों पर मंथन किया गया। इस दौरान प्रदेश महासमिति का निर्वाचन भी संपन्न हुआ, जिसमें निर्विरोध बनी नई कार्यकारिणी में टोंक जिले का खासा दबदबा देखने को मिला। संगठन के तीन प्रमुख पदों पर टोंक के प्रतिनिधियों का चयन हुआ है। प्रमोद स्वर्णकार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, रामनिवास गुर्जर को प्रदेश मंत्री और हेमराज बलाई को प्रदेश उपाध्यक्ष चुना गया है। कार्यवाहक जिलाध्यक्ष परशुराम जाट ने बताया कि रविवार को हुए चुनाव में विपिन प्रकाश शर्मा एक बार फिर संघ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। नई कार्यकारिणी में कई पदाधिकारी निर्वाचित घोषित नई कार्यकारिणी में शशिभूषण शर्मा को सभाध्यक्ष, अंजनी कुमार शर्मा व प्रमोद स्वर्णकार को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महेंद्र पाण्डे को मुख्य महामंत्री और दीपक ठक्कर को महामंत्री बनाया गया है। इसके अलावा उपाध्यक्ष पद पर राधेश्याम सोनी, हेमराज बलाई, मनेन्द्र चंसौरिया, विष्णु त्रिपाठी और करणसिंह को जिम्मेदारी दी गई है। कोषाध्यक्ष के रूप में प्रमोद शर्मा, महिला मंत्री के रूप में रेखा शर्मा व शैलजा शर्मा, प्रदेश मंत्री (सचिवालय) के रूप में रामस्वरूप गुर्जर, प्रदेश मंत्री (मुख्यालय) के रूप में शिवशंकर जोशी व रामनिवास गुर्जर तथा प्रदेश संयुक्त मंत्री के रूप में राजकुमार रैगर सहित कई पदाधिकारियों को निर्वाचित घोषित किया गया। प्रदेश संगठन मंत्री शिवशंकर ओझा ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उद्घाटन सत्र में शिक्षा और शिक्षक हितों पर चर्चा महासमिति अधिवेशन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पूर्व सभापति महेंद्र बोहरा ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि गुरु ही राष्ट्र के भविष्य का निर्माता होता है। मुख्य महामंत्री महेंद्र पाण्डे ने शिक्षक व शिक्षार्थियों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। शिक्षकों के मुद्दों को लेकर उठाई आवाज प्रदेश अध्यक्ष विपिन प्रकाश शर्मा ने तृतीय श्रेणी शिक्षकों के स्थानांतरण, टेट की अनिवार्यता और ग्रीष्मावकाश में कटौती जैसे गंभीर विषयों को प्रमुखता से उठाया। वहीं, देवली अध्यक्ष कमल किशोर चतुर्वेदी ने बताया कि प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद स्वर्णकार और टोंक जिलाध्यक्ष परशुराम जाट ने भी शिक्षकों के अधिकार और कर्तव्यों को लेकर अपनी बात रखी। उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान अधिवेशन के दौरान संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं अधिवेशन संयोजक राधेश्याम सोनी के संयोजन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित भी किया गया।