मेघालय के शिलांग में आयोजित पांच दिवसीय नेशनल लेवल ट्राइबल स्काउट-गाइड, रोवर-रेंजर मीट में बारां जिले के नौ प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। भारत स्काउट एवं गाइड के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली की ओर से आयोजित इस शिविर में बारां के प्रतिभागियों ने पोस्टर, स्लोगन, निबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रम, गायन और लोकगीत-लोकनृत्य जैसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उनके अहम योगदान से राजस्थान टीम ने तीन प्रमुख प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। बारां के नौ प्रतिभागियों का हुआ चयन जिला मुख्यालय की सर्किल ऑर्गनाइजर सुनीता मीणा ने बताया कि 25 से 29 जून तक आयोजित इस राष्ट्रीय शिविर के लिए बारां जिले से रोवर कौशल गौड़, शशिकांत सुमन और किटु सुमन, स्काउट नितिन गौड़, तरुनेश सिंह चौहान और कृष्णा पांचाल, रेंजर राजश्री नागर और हिमानी गुर्जर तथा गाइड लवीका गालव का चयन हुआ था। कई प्रतियोगिताओं में जीते पुरस्कार शिविर के दौरान पोस्टर, स्लोगन, निबंध, सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गायन और लोकगीत-लोकनृत्य सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बारां के प्रतिभागियों ने सभी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए कई प्रतियोगिताओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त किए। राजस्थान टीम को दिलाई बड़ी सफलता सुनीता मीणा ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के इस शिविर में छह राज्यों की टीमों ने भाग लिया। राजस्थान टीम ने तीन प्रमुख प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया, जिसमें बारां जिले के प्रतिभागियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। तीन दिन की लंबी यात्रा के बावजूद प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ बारां की संस्कृति और लोककला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जो जिले के लिए गर्व का विषय बना। जिले में हुआ सम्मान राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों का जिला हेडक्वार्टर कमिश्नर भैरूलाल भास्कर, रोवर लीडर महेश सेन तथा बारां जिला स्काउट-गाइड परिवार ने स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।