कोटा ग्रामीण में लोहे के पाइपों से भरा एक ट्रेलर बैलेंस बिगड़ने पर पुलिया किनारे पलट गया। ट्रेलर के पलटते ही उसमें लदे भारी-भरकम लोहे के पाइप सड़क पर गिर गए, जिससे पुलिया के नीचे बने दो मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसा आज सुबह करीब 8:30 बजे सांगोद थाना क्षेत्र का है। ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गया, जिसकी तलाश की जा रही है। वहीं हादसे में महिला समेत 2 जने घायल हो गए। सांगोद से कोटा जा रहा था ट्रेलर ड्राइवर सांगोद थाने के एसआई अब्दुल कलाम ने बताया कि ट्रेलर सांगोद से कोटा की ओर जा रहा था। ट्रेलर मंडीता पंचायत के गुडला गांव में बालाजी की पुलिया से गुजर रहा था। अचानक बैलेंस बिगड़ने पर पुलिया किनारे पलट गया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी और जिन मकानों पर ट्रेलर गिरा। उनके नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि ट्रैफिक व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। हादसे में दो घायल मंडीता सरपंच ललित किशोर खटीक ने बताया कि ट्रेलर गिरने से चतरभुज बेरवा और बाबूलाल बेरवा के मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पाइपों के गिरने से एक बिजली पोल भी धराशायी हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था ठप हो गई। वहीं सुनीता बेरवा (35) और मदनलाल बेरवा (40) घायल हो गए, जिन्हें तत्काल इलाज के लिए कोटा भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।