राजसमंद में शराब को लेकर युवक की हत्या करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश एक महीने से फरार थे। होली खेलने के दौरान विवाद के बाद आरोपियों ने युवक से मारपीट की थी, जिसके कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। घटना राजनगर थाना क्षेत्र में 4 मार्च को हुई थी। होली खेलने के लिए घर से निकला था राजनगर निवासी सतवीर सिंह चौधरी मंगलवार सुबह होली खेलने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटा। दोपहर बाद हॉस्पिटल से परिजनों को सूचना मिली कि गंभीर हालत में सतवीर को हॉस्पिटल लाया गया है। परिजन तुरंत हॉस्पिटल पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान सतवीर की मौत हो गई। शराब पार्टी में हुआ था विवाद पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि होली खेलने के दौरान शराब पार्टी में बोतल को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान तीन लोगों ने सतवीर के साथ मारपीट की गई थी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सामने आया कि सतवीर के पेट समेत कई जगह गंभीर चोटें आई थीं। इस कारण इलाज के दौरान मौत हो गई। 34 दिन बाद पकड़े गए आरोपी मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। एक बाल अपचारी को पहले ही डिटेन किया जा चुका था। वहीं, धुलेंडी के दिन से फरार चल रहे दोनों आरोपी, लोकेश माली और नाथूलाल माली को पुलिस ने 34 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया।