पाली जिले के बारसा गांव में शनिवार को अनोखी शादी हुई। विधि-विधान से बछड़े की बछड़ी से शादी करवाई गई। ऊंट पर बछड़े को बिठाकर बैंडबाजे पर बंदौली निकाली गई। नाचते-गाते हुए बारात निकली और शुभ मुहूर्त में विवाह सम्पन्न हुआ। साथ ही पीपल की शादी बरगद के पेड़ के साथ करवाई गई। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। दरअसल, यह आयोजन जिले के मारवाड़ जंक्शन उपखंड के बारसा गांव में हुआ, जहां शादी के लिए 26 जून को लग्न भी लिखा गया था। उसके बाद 4 जुलाई की सुबह बारसा गांव में गाजे-बाजे के साथ बंदौली निकाली गई। इसमें ट्रैक्टर- ट्रॉली में पीपल और बरगद के पौधे को लेकर श्रद्धालु बैठे। बछड़ा-बछड़ी को लेकर श्रद्धालु ऊंट पर लेकर बैठे। जगमोहन मंदिर से बारात रवाना हुई, जो हनुमान मंदिर पहुंच सम्पन्न हुई। वहां शुभ मुहूर्त में बछड़े का बछड़ी के साथ और पीपल का बरगद के पौधें के साथ विवाह सम्पन्न करवाया गया। शादी समारोह को लेकर बारसा गांव के श्रीराम वाटिका में प्रीति भोज भी रखा गया था, जिसमें 4 जुलाई को 800 से ज्यादा लोग भोजन करने पहु्ंचे। भोजन में लापसी, खड्‌डी, पुड़ी, चिप्स और मोठ बनाया गया।