पीएचईडी विभाग ने भीमरलाई गांव में पानी चोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो लोगों के खिलाफ मामल दर्ज कराया है। दोनों के खिलाफ 3.21 लाख रुपए का जुर्माना भी लगाया गया है। दोनों पोकरण-फलसूण्ड-बालोतरा-सिवाना की मुख्य पाइपलाइन से अवैध रूप से पानी चुराकर व्यापार कर रहे थे। एक्सईएन बाबूलाल मीणा ने बताया- विशेष अभियान के लिए तीन टीमें गठित की गई थीं। सहायक अभियंता राकेश शर्मा के नेतृत्व में एक टीम ने भीमरलाई गांव में छापा मारा। इस दौरान जवाराराम प्रजापत को अपनी दुकान के पास बाड़े में चोरी-छिपे पाइपलाइन से अवैध कनेक्शन कर पानी भरते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसी तरह, कहाराराम प्रजापत को भी अवैध कनेक्शन के जरिए एक बिना पंजीकरण वाले टैंकर में पानी भरते हुए पकड़ा गया। विभाग ने मामला दर्ज कराते हुए पानी चोरी में इस्तेमाल किए गए दो टैंकर और अन्य उपकरण भी जब्त किए गए हैं। विभाग ने जवाराराम प्रजापत पर 1.93 लाख रुपए और कहाराराम प्रजापत पर 1.28 लाख रुपए की पेनल्टी लगाई गई है।