वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण सुबह से सीकर में मौसम में बदलाव आया। नए वेदर सिस्टम के असर से शुक्रवार सुबह जिला मुख्यालय समेत सहित कई इलाकों में बारिश हुई। कुछ ग्रामीण इलाकों में तड़के भी हल्की बारिश हुई। इसके बाद दिनभर जिले के कई हिस्सों में रुक-रुककर बारिश हुई। बारिश और बादलों के कारण पिछली रात गर्मी कम रही। वहीं सुबह तेज हवा चली। हवा से ठंडक का अहसास हुआ। मौसम विभाग के अनुसार- सीकर समेत आसपास के इलाकों में शनिवार को भी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। सीकर के फतेहपुर स्थित कृषि अनुसंधान केंद्र पर सुबह न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 29.4 दर्ज किया गया। इससे पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री और अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया था। सीकर जिले के कई इलाकों में सुबह हल्की बारिश हुई। घनघोर बादल छाए। बादलों की तेज गर्जना हुई और इसके बाद बूंदाबांदी हुई। तेज हवा के साथ रुक-रुककर बारिश हुई। हल्की बारिश के बाद ठंडी हवा चली। मौसम बदलने के साथ फिर हल्की ठंड महसूस हुई। मौसम एक्सपर्ट के अनुसार- बारिश के बाद अब 1-2 दिन हवा में हल्की ठंड का अहसास हो सकता है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 5 अप्रैल से मौसम में फिर बदलाव होगा। 5 अप्रैल तक तापमान में रहेगी कमी मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में एक्टिव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर सीकर और शेखावाटी समेत उत्तर-पूर्वी हिस्सों में ज्यादा रहेगा। 5 अप्रैल तक तापमान में थोड़ी कमी होगी, लेकिन उसके बाद वापस हल्की तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। हालांकि इस दौरान बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।