गर्मी की छुट्टियों और बंगाल चुनाव के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने राजस्थान से पश्चिम बंगाल के लिए तीन साप्ताहिक स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला लिया है। ये ट्रेनें अप्रैल महीने में कुल 3-3 ट्रिप करेंगी, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। इन स्पेशल ट्रेनों में खातीपुरा-हावड़ा, जोधपुर-आसनसोल और मदार-कोलकाता रूट शामिल हैं। इन ट्रेनों से राजस्थान के कई शहरों से सीधे बंगाल तक यात्रा आसान होगी और वेटिंग की समस्या भी कम होगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इन स्पेशल ट्रेनों के चलने से गर्मी की छुट्टियों में घर जाने वाले यात्रियों और चुनाव के दौरान यात्रा करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी। टिकट बुकिंग शुरू हो चुकी है और यात्रियों को पहले से रिजर्वेशन कराने की सलाह दी गई है। खातीपुरा-हावड़ा साप्ताहिक स्पेशल गाड़ी संख्या 09707 खातीपुरा-हावड़ा स्पेशल 15 से 29 अप्रैल तक (3 ट्रिप) हर बुधवार शाम 5 बजे खातीपुरा से रवाना होकर गुरुवार रात 10:15 बजे हावड़ा पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09708 हावड़ा-खातीपुरा स्पेशल 17 अप्रैल से 1 मई तक (3 ट्रिप) हर शुक्रवार रात 12:15 बजे हावड़ा से चलेगी और शनिवार सुबह 11:30 बजे खातीपुरा पहुंचेगी। यह ट्रेन दौसा, बांदीकुई, भरतपुर, आगरा (इदगाह), टुंडला, इटावा, कानपुर (गोविंदपुरी), प्रयागराज (सुबेदारगंज), पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्धमान और बैण्डेल सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इस ट्रेन में 1 फर्स्ट एसी (सेकंड एसी सहित), 2 सेकंड एसी, 8 थर्ड एसी, 1 थर्ड एसी इकोनॉमी, 4 स्लीपर और 2 पावरकार कोच लगाए गए हैं। जोधपुर-आसनसोल साप्ताहिक स्पेशल गाड़ी संख्या 04819 जोधपुर-आसनसोल स्पेशल 14 से 28 अप्रैल तक (3 ट्रिप) हर मंगलवार शाम 5 बजे जोधपुर से चलेगी और गुरुवार सुबह 4:55 बजे आसनसोल पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04820 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक (3 ट्रिप) हर गुरुवार सुबह 7:55 बजे आसनसोल से रवाना होकर शुक्रवार शाम 6:45 बजे जोधपुर पहुंचेगी। यह ट्रेन गोटन, मेड़ता रोड, डिगाना, मकराना, कुचामन सिटी, फुलेरा, जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, टुंडला, इटावा, कानपुर, प्रयागराज, बक्सर, आरा, पटना, किऊल, झाझा, जसीडीह, मधुपुर और चितरंजन जैसे स्टेशनों पर ठहराव करेगी। इस ट्रेन में 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 4 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे लगाए गए हैं। मदार-कोलकाता साप्ताहिक स्पेशल गाड़ी संख्या 09605 मदार-कोलकाता स्पेशल 17 अप्रैल से 1 मई तक (3 ट्रिप) हर शुक्रवार सुबह 10:45 बजे मदार से रवाना होकर शनिवार रात 9:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 09606 19 अप्रैल से 3 मई तक (3 ट्रिप) हर रविवार रात 12:50 बजे कोलकाता से चलेगी और सोमवार दोपहर 2 बजे मदार पहुंचेगी। यह ट्रेन किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, भरतपुर, अछनेरा, टुंडला, इटावा, कानपुर, प्रयागराज, पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, गया, कोडरमा, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, बर्धमान, बैण्डेल और नैहाटी स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें 2 सेकंड एसी, 4 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 जनरल और 2 गार्ड डिब्बे शामिल हैं।