राजस्थान में तेज गर्मी के बीच आंधी-बारिश का दौर भी जारी है। राजधानी जयपुर में शनिवार को रात 8 बजे बाद एक बार फिर मौसम बदला और आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। शहर के जवाहर नगर, झोटवाड़ा, वैशाली नगर और आसपास के कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई। जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में अंधड़ के कारण टूटे हाईटेंशन लाइन तार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बदनपुरा स्थित श्री मुरली मनोहर जी मंदिर में आंधी के कारण टीन शेड नीचे गिर गई। इससे पहले सुबह भी अंधड़ के कारण कई इलाकों में पेड़ भी गिर गए। मानसरोवर में पेड़ के नीचे गाड़ियां दब गई। झुंझुनूं में भी देर शाम को मौसम बदला और आंधी के बाद बारिश हुई। आंधी के कारण सड़कों पर धूल का गुबार छा गया। तेज हवा के कारण कई इलाकों में पेड़ों की टहनियां टूट गई और होर्डिंग्स गिर गए। एहतियात के तौर पर डिस्कॉम ने शहर की बिजली करीब एक घंटे के लिए बंद कर दी। शनिवार को कोटा, सीकर, चूरू और बीकानेर सहित कई जिलों में भी बारिश हुई। कोटा में बारिश के साथ ओले गिरे। इधर, अजमेर के पुष्कर में गर्मी से बचने के लिए टेंट में बारात निकली। मई के पहले 15 दिन मौसम में बदलाव का दौर जारी रहेगा। गर्मी से जुड़े बड़े अपडेट्स… जयपुर में आंधी के साथ बारिश: जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, अलवर, बीकानेर, चूरू, टोंक और दौसा समेत कई जिलों में आंधी के साथ बारिश हुई। अलवर में ओले भी गिरे। बारिश के बाद लोगों को गर्मी से राहत मिली। जैसलमेर, फलोदी, बाड़मेर के एरिया में तेज गर्मी रही। यहां तापमान 44 डिग्री दर्ज हुआ। जैसलमेर-फलोदी में पारा 44.4 डिग्री: पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे ज्यादा गर्मी जैसलमेर और फलोदी में रही। यहां अधिकतम तापमान 44.4 डिग्री दर्ज हुआ। बाड़मेर में पारा 44.3 डिग्री दर्ज हुआ। इन जिलों में दिनभर तेज धूप और गर्मी रही। बीकानेर में तापमान 43.5 डिग्री, चित्तौड़गढ़ में 43.2 डिग्री, पिलानी में 42.7 डिग्री, गंगानगर में 42.8 डिग्री, जोधपुर में 42.6 दर्ज हुआ। अगले 3 दिन जारी रहेगा आंधी-बारिश का दौर: मौसम केंद्र निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया- राज्य में अगले तीन दिन आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 3 मई को 11 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट है। वहीं, 4 मई को 7 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। राज्य के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों में तेज अंधड़ चलने की आशंका है। अब देखिए- राजस्थान के मौसम से जुड़ी PHOTOS…. पल-पल का अपडेट जानने के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…