भीलवाड़ा में एक 35 वर्षीय महिला श्रमिक ने अपने साथ काम करने वाले युवक पर नशीला पदार्थ पिलाकर रेप करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी ने पानी और कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे बेसुध किया और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी कई महिला मजदूरों को बहला-फुसलाकर उनका शारीरिक शोषण कर चुका है। मामले के सामने आने के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी है। महिला श्रमिक ने पुलिस में दर्ज रिपोर्ट में बताया कि आरोपी युवक उसके साथ काम करता है। आरोप है कि युवक ने उसके पीने के पानी और कोल्ड ड्रिंक में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। इसे पीने के बाद वह बेसुध हो गई। महिला का आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और रेप किया। कई महिला मजदूरों से शोषण का आरोप पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी आदतन इस तरह की घटनाओं को अंजाम देता है और इससे पहले भी कई महिला मजदूरों को अपना शिकार बना चुका है। महिला का कहना है कि कई महिलाएं डर और शर्म के कारण सामने नहीं आ रही हैं। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग घटना के बाद हिंदू संगठनों ने नाराजगी जताई है। संगठनों का कहना है कि कार्यस्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। रिपोर्ट में अन्य महिलाओं के साथ भी गलत हरकत और रेप के आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।