सीकर जिले में स्नैपचैट पर बातचीत के बाद एक महिला को ब्लैकमेल करके 6 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। महिला ने पुलिस में मुकदमा दर्ज करवाया है। 32 साल की महिला ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि करीब 1 महीने पहले उसके पास स्नैपचैट पर DR KHAN नाम की एक आईडी से एसएमएस आया। करीब 2 से 3 दिन महिला की उससे बात हुई। बात करने वाले ने खुद को डॉक्टर होना बताया और कहा कि उसे कैंसर की बीमारी है। उस युवक ने महिला को कहा कि यदि आप इंडिया से हो तो मेरी एक हेल्प करो। आरोपी युवक ने महिला को बातों में लगाकर कैंसर की दवाई के रुपए मांगे और कहा कि ठीक होने के बाद वापस लौटा दूंगा। आरोपी युवक ने महिला को वीडियो कॉल किया और दवाई देने वाले का नंबर भी बताया। आरोपी युवक ने वीडियो कॉल करके महिला का अश्लील वीडियो बना लिया और फिर ब्लैकमेल करके महिला से रुपए मांगे। महिला ने अपने जेवरात बेचकर और गोल्ड लोन लेकर करीब 6 लाख रुपए आरोपी युवक को ट्रांसफर करवा दिए। उसके बाद भी आरोपी युवक महिला को लगातार वीडियो वायरल करने की धमकी दे रहा है। रुपए नहीं देने पर वीडियो वायरल करने और जान से मारने की बात कह रहा है। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।