सीकर जिले में 24 साल की युवती के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ रेप किया। रेप करने के बाद आरोपी ने शादी करने से मना कर दिया। साथ ही अब युवती को धमकी दे रहा है। 24 साल की युवती ने पुलिस में शिकायत देकर बताया कि वह सीकर के पड़ोसी जिले की रहने वाली है। किसी समारोह में उसकी मुलाकात उसके ही जिले के रहने वाले एक युवक से हुई। जो परिवार का भी परिचित था। आरोपी युवक ने युवती से बातचीत करना शुरू किया। उसके बाद युवती और युवक के बीच सोशल मीडिया पर भी बात हुई। धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदल गई और फिर आरोपी युवक,युवती को कहने लगा कि वह तो उससे ही शादी करेगा। आरोपी युवक ने युवती को मिलने के लिए सीकर जिले में बुलाया। यहां पर उसके साथ रेप किया। सीकर के अलावा भी आरोपी ने युवती के साथ कई जगह पर रेप किया। जब भी युवती शादी की बात कहती तो आरोपी युवक बहाने करता। अब आरोपी युवक ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और कहने लगा कि वह शादी नहीं करेगा। आरोपी युवती को धमकी देता है कि यदि उसने इस बारे में किसी को बताया तो बदनामी कर देगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।