कोटड़ी थाना क्षेत्र के मोहड़ा गांव में एक युवक की जहरीला पदार्थ पीने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कोटड़ी थाने के हेड काॅन्स्टेबल बहादुर सिंह ने बताया - घटना 28 जून शाम करीब 7 बजे हुई। घनश्याम (34) नशे की हालत में मवेशी बांधने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान उसने कुएं के पास जाकर किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उसके भाई ने मोबाइल पर संपर्क किया। इस पर घनश्याम ने बताया - उसने शराब और कोई जहरीली दवाई पी ली है और कुएं पर पड़ा है। सूचना मिलने पर 104 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और उसे दलोट अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान 29 जून की देर रात उसकी मौत हो गई। 30 जून की सुबह कोटड़ी पुलिस को घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची मंगलवार दोपहर करीब 1:30 बजे मृतक के मामा के लड़के ऊंकार लाल ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई। कोटड़ी पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमाॅर्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया।