झालावाड़ जिले में 15 से 29 साल के युवाओं को 'माय भारत' पोर्टल से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे विशेष पंजीकरण अभियान की समीक्षा बैठक रविवार को मिनी सचिवालय में हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) अनुराग भार्गव ने की। जिला युवा अधिकारी दिनेश जांगिड़ ने बताया कि बैठक में जिले के सभी विभागाध्यक्षों, विभिन्न महाविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के प्राचार्यों सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया। एडीएम भार्गव ने सभी विभागों और शिक्षण संस्थानों को निर्देश दिए कि वे 15 से 29 साल के हर युवा का 'माय भारत' पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करें। ज्यादा से ज्यादा युवाओं को पोर्टल से जोड़ने का आह्वान एडीएम ने कहा कि यह अभियान युवाओं को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और अवसरों से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने और अधिक से अधिक युवाओं को पोर्टल से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने का आह्वान किया। बैठक में अधिकारियों को पंजीकरण प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बताया गया कि 15 से 29 साल तक का कोई भी युवा www.mybharat.gov.in पर अपने मोबाइल नंबर या ई-मेल आईडी के माध्यम से स्वयं पंजीकरण कर सकता है। युवाओं को सरकारी कार्यक्रमों से जोड़ता है 'माय भारत' पोर्टल 'माय भारत' एक आधुनिक डिजिटल और भौतिक मंच है, जो युवाओं को स्वयंसेवा, अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम, छात्रवृत्तियों, कौशल विकास, नेतृत्व विकास और विभिन्न सरकारी कार्यक्रमों से जोड़ता है। यह प्लेटफॉर्म युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने, सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी करने और रोजगारोन्मुखी अवसरों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है। जिला प्रशासन ने सभी पात्र युवाओं से इस अभियान का लाभ उठाते हुए शीघ्र पंजीकरण कराने की अपील की है।