20 साल के युवक का शव गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर सूखे तालाब में पेड़ पर लटका मिला। युवक तीन दिन पहले दादी से 200 रुपए लेकर घर से निकला था। मामला जैसलमेर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के पूनमनगर का है। किसान परमवीर सिंह जब नहीं लाैटा तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी भी दर्ज करवाई। रामगढ़ थाना एएसआई प्रेमशंकर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने शुक्रवार शाम को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। परिजनों से 200 रुपए लेकर निकला था घर से जानकारी के अनुसार परमवीर सिंह किसान है। वह अपने परिवार में सबसे छोटा था। परिजनों ने बताया कि बीती 5 मई की शाम करीब 5 बजे परमवीर अपनी दादी से 200 रुपए लेकर घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा, तो 7 मई को परिजनों ने रामगढ़ थाने पहुंचकर उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि गांव से 3 किलोमीटर दूर एक सूखे तालाब के एक पेड़ पर शव लटका हुआ मिला है। इस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि युवक ने रस्सी का फंदा बनाकर सुसाइड किया था।