मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बुधवार रात सराफा कारोबारी से लूट हुई। 2 नकाबपोश बदमाश घर के बाहर से बैग लूटकर भाग गए। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने एक बदमाश को पकड़कर पीटा। 4 सेकंड में 7-8 थप्पड़ मारे। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के मुताबिक, चिखलीपुर वार्ड नंबर 12 निवासी सराफा व्यापारी देवेंद्र गुप्ता ज्वेलरी शॉप बंद कर घर आ रहे थे। उनके हाथ में बैग था, जिसमें दुकान की चाबी और करीब 26,500 रुपए नकद थे। वारदात से जुड़ी ये तस्वीरें देखिए… पहले से गली में घात लगाए थे बदमाश व्यापारी जैसे ही घर के गेट पर पहुंचे और सीढ़ी चढ़ने लगे, घात लगाए दो बदमाश पीछे आ गए। एक बदमाश ने बैग झपट लिया और भाग गया। दूसरा आरोपी दूसरी दिशा में फरार हो गया। दोनों बदमाशों ने साजिश के तहत 3 सेकंड में बैग लूटा। व्यापारी को धक्का देकर जमीन पर गिराया। इसके बाद व्यापारी बदमाशों के पीछे दौड़े। ‘चोर-चोर’ चिल्लाते हुए आरोपी का पीछा किया। 200 मीटर तक पीछा, भीड़ ने आरोपी को पकड़ा व्यापारी करीब 200 मीटर तक बदमाश के पीछे दौड़े। वार्ड नंबर 07 की बड़ी गली में पहुंचते ही स्थानीय लोग सतर्क हुए और आरोपी को घेर लिया। खुद को घिरता देख आरोपी ने जेब से सवा फीट लंबा चाकू निकालने की कोशिश की, लेकिन लॉक होने से वह खुल नहीं पाया। लोगों ने उसे पकड़ लिया। वारदात के बाद कारोबारी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान पंकज सुमन निवासी कुकलवाड़ा, तहसील इकलेरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। रेकी के बाद लूट की वारदात पीड़ित व्यापारी देवेंद्र गुप्ता ने बताया कि वे रोजाना बैग में नकदी लेकर घर आते थे। आरोपियों को शक था कि वे गहने भी लाते हैं। इसी कारण बदमाश कई दिनों से उनकी रेकी कर रहे थे। मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया। आरोपी के 3 दोस्त शादी कार्यक्रम से गिरफ्तार खिलचीपुर थाना प्रभारी कमल सिंह गहलोत ने बताया कि पुलिस ने देर रात उसके तीन साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनमें नवीन मालाकार, राहुल मालाकार और आकाश मालाकार शामिल हैं। तीनों आरोपी शादी कार्यक्रम में थे। राजस्थान और खिलचीपुर क्षेत्र के अन्य संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द पूरे गिरोह और साजिश का खुलासा किया जाएगा। …………………………………….. यह खबर भी पढ़ें भोपाल में शराब पार्टी कर रहे युवकों से लूट का LIVE VIDEO भोपाल के भेल के खंडहरनुमा मकान में शराब पार्टी करना दो युवकों को भारी पड़ गया। फिल्मी स्टाइल में युवकों की पार्टी के बीच दो बदमाशों की एंट्री होती है। जिसमें से एक हाथ में चाकू लिए था। जबकि दूसरा पूरे घटनाक्रम का वीडियो शूट करता रहा था। पूरी खबर पढ़ें