गुजरात के राजकोट में ज्वेलरी बनाने वाली फर्म के कर्मचारी की बुधवार को हत्या कर सोना-चांदी लूटकर भागने वाले दो बदमाशों को उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने देर रात को पकड़ लिया। पुलिस ने सुखेर स्थित हाईवे पर नाकाबंदी करते हुए आरोपियों को बुधवार देर रात को पकड़ा है। एसपी डॉ अमृता दुहन ने बताया कि घटना के बाद उदयपुर पुलिस को गुजरात पुलिस से इनपुट मिला था कि बदमाश हत्या और लूट करके राजस्थान की तरफ भागे हैं। पकड़े गए आरोपियों का नाम अमित कुमार पांडे (24)पूत्र रामशपथ पांडे और शिवम पांडे(26) पुत्र अशोक पांडे है। दोनों यूपी के धानपुर चंदौली के रहने वाले है। बदमाशों के तीन और साथियों को रास्ते में सिरोही पुलिस ने पकड़ लिया था। दो आरोपियों को उदयपुर पुलिस ने पकड़ते हुए कार जब्त की है। इनसे 1 किलो सोना और 3 किलो चांदी का पाउडर जब्त किया है। आरोपियों ने सोना जूते के सोल में छिपा रखा था। गुजरात पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों को उनके सुपुर्द किया जाएगा। आरोपियों को पकड़ने में सुखेर थाना सीआई भरत योगी और बड़गांव थाने के एएसआई कृष्णगोपाल की विशेष भूमिका रही। ये था पूरा मामला मामला गुजरात के राजकोट में थोराला थाना क्षेत्र का है। सोना-चांदी ज्वेलरी बनाने वाली फर्म तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड के कर्मचारी लालजीभाई सरधरा 14 अक्टूबर 2026 की शाम सुरक्षा गार्ड के साथ फर्म की रिफाइनरी से रिफाइन किया सोना-चांदी लेने गए थे। जब वे करीब 1.55 करोड़ कीमत का सोना-चांदी थैले में लेकर रिफाइनरी के गेट के बाहर निकले तो पहले से बाहर खड़े युवकों ने थैला छीनने की कोशिश की और हाथापाई भी की थी। लालजीभाई ने विरोध किया तो बदमाशों ने पिस्टल से उन पर फायरिंग कर दी। जिससे वे घायल हो गए। दोनों आरोपी सोना-चांदी लूटकर कार में बैठकर फरार हो गए थे जहां पर एक दूसरी कार में पहले से ही तीन और युवक बैठे हुए थे। घायल कर्मचारी को तुरंत हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।