सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 साल और स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक पुनर्निर्माण के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में सोमवार को बूंदी जिले में एक विशेष आयोजन किया गया। भारत सरकार के कला एवं संस्कृति मंत्रालय के निर्देशानुसार देवस्थान विभाग ने केशवरायपाटन स्थित प्रसिद्ध राजकीय प्रत्यक्ष प्रभार मंदिर राजराजेश्वर महादेव में धर्मेयक अनुष्ठान, रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती का आयोजन किया। इस अवसर पर राजराजेश्वर मंदिर में गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रुद्राभिषेक संबोधन का एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में शहर के कई गणमान्य व्यक्ति, प्रशासनिक अधिकारी, संत और श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हुए। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी केशवरायपाटन ऋतुराज शर्मा, पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, नगर पालिका ईओ पूर्णिमा शर्मा, जिला महामंत्री योगेंद्र श्रृंगी, शहर अध्यक्ष विनोद नामा, ग्रामीण अध्यक्ष नरेंद्र मीणा और देवस्थान विभाग निरीक्षक आशुतोष गुप्ता मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त, संत बालकदास जी महाराज और संत रामलक्ष्मण दास जी महाराज सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।