राजसमंद में पंचायत चुनाव में कुमावत समाज ने अपने प्रत्याशियों को निर्दलीय के रूप में पूरे दमखम के साथ चुनाव मैदान में उतारा है। निकाय चुनाव के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों से नाराज समाज ने महापंचायत में जाजम पर हुए फैसले को कायम रखते हुए पंचायत समिति चुनाव में नामांकन दाखिल करवाए हैं। राजसमंद, आमेट और रेलमगरा पंचायत समितियों में समाज ने कुल 17 प्रत्याशियों के नामांकन भरवाए हैं। राजसमंद पंचायत समिति के 25 वार्डों में से 7, आमेट के 17 वार्डों में से 6 और रेलमगरा के 21 वार्डों में से 4 वार्डों में समाज के प्रत्याशियों ने नामांकन भरे हैं। राजसमंद में पूर्व प्रधान रीना कुमावत सहित 7 प्रत्याशी मैदान में राजसमंद पंचायत समिति में पूर्व प्रधान रीना कुमावत सहित 7 प्रत्याशियों ने निर्दलीय के रूप में नामांकन दाखिल किया। इनमें वार्ड 23 से मिट्ठू कुमावत, वार्ड 15 से पूर्व प्रधान रीना कुमावत, वार्ड 5 से मंजू कुमावत, वार्ड 4 से मंजु देवी, वार्ड 9 से कैलाश कुमावत, वार्ड 19 से कैलाश भील और वार्ड 13 से वैशाखी कुमावत शामिल हैं। नामांकन के दौरान सुंदरलाल दोराया, महामंत्री सुंदर लाल सिंगनवाल, जगदीश कुमावत, गिरिराज खनाडिया और उपप्रधान सुरेश कुमावत सहित समाज के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।