राजसमंद में 29 वार्डों में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भाजपा ने देर शाम सभी वार्डों के प्रत्याशियों की सूची जारी की। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी, भीम विधायक हरि सिंह रावत, पूर्व राजसमंद प्रधान अरविन्द सिंह सहित पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे। भाजपा की सूची में वार्ड 17 से करण वीर सिंह राठौड़ ने नामांकन भरा है। वे पूर्व सांसद स्वर्गीय हरिओम सिंह राठौड़ के पुत्र हैं। वहीं, वार्ड 21 से पूर्व विधायक बंशीलाल खटीक के पुत्र अनिल खटीक ने नामांकन दाखिल किया है। वार्ड 2 से पूर्व प्रधान सूरत सिंह दसाणा ने भी अपना नामांकन भरा है।