राजसमंद जिले में साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं रोकथाम के उद्देश्य से एसपी हेमन्त कलाल के निर्देशन में साइबर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विद्यार्थियों, आमजन और सरकारी कर्मचारियों को डिजिटल रूप से साक्षर बनाया जा रहा है। इस क्रम में कुंभलगढ़ पंचायत समिति के महाराणा प्रताप सभागार में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों के लिए “साइबर जागरूकता एवं साइबर स्वच्छता” विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ उपखण्ड अधिकारी साक्षी पुरी के आतिथ्य में हुआ। कार्यशाला में साइबर पुलिस थाने से खैरूल वसीम ने अधिकारियों को साइबर सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विभागीय आईडी के दुरुपयोग को रोकने, सरकारी डाटा की सुरक्षा, विभागीय ईमेल का सुरक्षित उपयोग और तकनीकी उपकरणों के नियमित रखरखाव पर विशेष जोर दिया। साथ ही समय-समय पर सॉफ्टवेयर अपडेट और फायर वॉल के उपयोग की आवश्यकता भी बताई। विशेषज्ञों ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल इंजीनियरिंग और प्रतिरूपण तकनीकों के जरिए सरकारी कर्मचारियों को निशाना बनाते हैं। इससे बचाव के लिए नियमित प्रशिक्षण और सतर्कता बेहद जरूरी है।