राजसमंद के भीम उपखंड क्षेत्र की नवीन ग्राम पंचायत डांसरिया में संचालित शराब ठेके को हटाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब की दुकान स्वीकृत स्थान के बजाय डांसरिया में संचालित हो रही है, जबकि आबकारी विभाग ने इसकी लोकेशन गोदाजी का गांव स्वीकृत की है। ग्रामीणों ने बताया कि शराब के बढ़ते प्रचलन से क्षेत्र में सामाजिक बुराइयां बढ़ रही हैं। शराब के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। युवाओं में नशे की लत बढ़ने, अपराधों में वृद्धि और सड़क दुर्घटनाओं से जनहानि होने की बात भी ग्रामीणों ने कही। ग्रामीणों का आरोप है कि शराब माफियाओं द्वारा गांवों और ढाणियों में किराणा दुकानों सहित स्थानों से अवैध रूप से शराब की बिक्री की जा रही है। डांसरिया में धार्मिक स्थल के पास शराब की दुकान होने से महिलाओं को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस और आबकारी विभाग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर शराब ठेका और अवैध ब्रांचों को बंद नहीं किया गया तो ग्रामीण उग्र आंदोलन करेंगे। ग्रामीणों में मतदाता सत्यापन के दौरान आबकारी आयुक्त और कलेक्टर के नाम ज्ञापन भी सौंपा।