राजसमंद जिले में बढ़ती गर्मी का असर अब वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। रविवार रात करीब 1 बजे कुंवारिया और पोदावली के बीच एक साथ तीन लेपर्ड सड़क पर घूमते नजर आए। राहगीरों ने उनका वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया, जिसके बाद आसपास के गांवों में डर का माहौल बन गया। जंगलों में पानी के स्रोत सूखने के कारण लेपर्ड आबादी वाले इलाकों की तरफ पहुंच रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है। कुंवारिया-पोदावली रोड पर दिखे तीन लेपर्ड राहगीरों के अनुसार रविवार रात कुंवारिया और पोदावली के बीच सड़क से गुजर रहे लोगों ने एक साथ तीन लेपर्ड को सड़क पर विचरण करते देखा। यह इलाका राजसमंद जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। इस दौरान राहगीरों ने मोबाइल से वीडियो भी बनाया। पानी और शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्र पहुंचे स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में पानी के स्रोत लगातार सूख रहे हैं। ऐसे में वन्यजीव पानी और शिकार की तलाश में आबादी क्षेत्रों की तरफ आ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से इलाके में लेपर्ड का मूवमेंट लगातार बढ़ने की बात भी सामने आई है। वाहन चालकों में बढ़ी चिंता ग्रामीणों और वाहन चालकों का कहना है कि खासकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति जोखिम भरी हो सकती है। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में डर का माहौल बना हुआ है। वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की डीएफओ रामानन्द भाकर ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते पानी की तलाश में लेपर्ड का मूवमेंट जंगलों से निकलकर आबादी क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने निगरानी बढ़ाने की मांग की ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने, गश्त तेज करने और लोगों को सतर्क करने की मांग की है, ताकि किसी तरह की जनहानि या हादसे से बचाव किया जा सके।