राजसमंद में नवनिर्वाचित नगर परिषद सभापति अनिता पालीवाल, उपसभापति मोहन कुमावत सहित पार्षदों ने गुरुवार को पदभार ग्रहण किया। नगर परिषद परिसर में पदभार ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, विधायक दीप्ति माहेश्वरी, जिला भाजपा अध्यक्ष जगदीश पालीवाल, पूर्व विधायक बंशीलाल खटिक, पूर्व सभापति एवं पार्षद अशोक टांक, पूर्व उपसभापति एवं पार्षद चुन्नीलाल पंचोली सहित नवनिर्वाचित पार्षद, नगर परिषद आयुक्त, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। शुभ-मुहूर्त में पदभार लिया सभापति अनिता पालीवाल और उपसभापति मोहन कुमावत ने शुभ मुहूर्त में पूजा-अर्चना कर पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर सभापति अनिता पालीवाल ने कहा कि BJP ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी निष्ठा से निभाएंगी। शहर के सभी 45 वार्डों में पानी, सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। पदभार ग्रहण से पहले सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक दीप्ति माहेश्वरी ने नवनिर्वाचित पार्षदों को शुभकामनाएं दीं। पार्षदों ने सांसद का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। समारोह के दौरान सांसद महिमा कुमारी मेवाड़, विधायक दीप्ति माहेश्वरी और सभापति अनिता पालीवाल की मौजूदगी में महिला जनप्रतिनिधित्व भी प्रमुख रूप से नजर आया।