राजसमंद में राजनगर के नंदनवन मोक्षधाम में अज्ञात लावारिस शव के अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी मोक्षधाम समिति ने संभाली। कांकरोली थाना एसआई ओम सिंह की सूचना पर मोक्षधाम के मैनेजर प्रहलाद वैष्णव ने शव को मोक्षधाम भिजवाने को कहा। इसके बाद समिति कोषाध्यक्ष कमलेश कोठारी ने मौके पर पहुंचकर कानूनी कारवाई पूरी कर शव को राजनगर स्थित मोक्षधाम लेकर आए। यहां धार्मिक रीति-रिवाज के साथ शव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान नगर परिषद के इंस्पेक्टर विनोद, गोपाल जमादार एवं अन्य कर्मचारियों ने भी सहयोग किया। समिति सदस्यों ने बताया कि वे लावारिश शवों का सम्मान सहित अंतिम संस्कार करते हैं। अब तक समिति ने 156 लावारिस एवं बेसहारा शवों का हिंदू रीति-रिवाज से अंतिम संस्कार किया है। समिति जरूरतमंदों को दाह संस्कार से जुड़ी सभी सुविधाएं निशुल्क उपलब्ध कराती है।