राजसमंद में कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देश पर उपखंड के सभी पटवारियों को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) का विशेष प्रशिक्षण दिया। यह प्रशिक्षण तहसील कार्यालय राजसमंद में आयोजित हुआ, जिसमें एसडीएम बृजेश गुप्ता, तहसीलदार पुष्पेंद्र सिंह, बीसीएमओ, चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में पटवारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन स्थिति में तुरंत प्राथमिक सहायता देकर किसी व्यक्ति की जान बचाना है। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने सीपीआर की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए बताया कि हार्ट अटैक या सांस रुकने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट बेहद अहम होते हैं। सही समय पर सीपीआर देने से मरीज की जान बचाई जा सकती है। इस दौरान प्रतिभागियों को चेस्ट कंप्रेशन और त्वरित प्रतिक्रिया का अभ्यास भी कराया गया। एसडीएम बृजेश गुप्ता ने बताया - इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम जिलेभर में और व्यापक स्तर पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस जीवन रक्षक तकनीक से जुड़ सकें। चिकित्सा विभाग ने आमजन को भी सीपीआर के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया है।