13 जुलाई को होने वाली प्रदेशव्यापी हड़ताल और चक्का जाम में राजसमंद के ट्रांसपोटर्स के साथ साथ ट्रक व ट्रेलर्स एसोसिएशन भी शामिल हो गई है। रविवार को राजसमंद ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन और द राजसमंद ट्रक ट्रेलर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन की संयुक्त बैठक हुई। श्याम सुन्दर काबरा की अध्यक्षता में हुई बैठक में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करते हुए आंदोलन को सर्वसम्मति से पूर्ण समर्थन देने का निर्णय लिया गया। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजस्थान में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस लागू करने की प्रक्रिया अभी स्पष्ट एवं व्यवहारिक नहीं है। अधिकांश स्थानों पर अधिकृत एजेंसियों द्वारा जीपीएस फिटमेंट शुरू नहीं होने के बावजूद इसकी अनिवार्यता के कारण हजारों व्यावसायिक वाहनों के परमिट जारी एवं नवीनीकरण प्रभावित हो रहे हैं। इससे वाहन मालिकों और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही ई-चालान व्यवस्था, अव्यावहारिक नियमों और समस्याओं के समाधान में हो रही देरी से परिवहन व्यवसाय गंभीर संकट का सामना कर रहा है। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई को सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में जिला प्रशासन के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट संघर्ष समिति द्वारा घोषित प्रदेशव्यापी हड़ताल एवं चक्का जाम को जिले के सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी और वाहन मालिक पूर्ण समर्थन देंगे। बैठक में श्याम सुन्दर काबरा, हिम्मत सिंह राठौड़, अरविन्द शर्मा, बनाराम चौधरी, जितेन्द्र श्रीमाली, विपिन सेन, जमीर अहमद सहित बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी उपस्थित रहे।