झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को गति देने के लिए कैबिनेट मंत्री और विधायक कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने गुरुवार को उच्चस्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में जयपुर विकास प्राधिकरण, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड और नगर निगम सहित कई विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में राठौड़ ने स्पष्ट कहा- हर काम निर्धारित समय सीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा होना चाहिए। उन्होंने जनसंवाद से मिली समस्याओं और सुझावों को तुरंत एक्शन मोड में लागू करने के निर्देश दिए। सड़कों और इंफ्रास्ट्रक्चर पर विशेष फोकस सड़क परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए सिरसी-हाथोज लिंक रोड, महाराणा प्रताप रोड (रंगोली गार्डन तक), कालवाड़ रोड, खिरणी फाटक से कनकपुरा मार्ग और बिंदायका क्षेत्र की सड़कों को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। वार्ड 47, 48, 51 और 53 में सीवरेज व ड्रेनेज कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सिरसी रोड से मुंडियारामसर तक ड्रेनेज व्यवस्था, गोकुलपुरा और गिरधारीपुरा में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर जोर दिया गया। आगामी मानसून को देखते हुए प्री-मानसून तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। रेलवे ओवरब्रिज और अंडरपास परियोजनाओं की समीक्षा नगर निगम को 206 बीघा डंपिंग यार्ड और कचरा निस्तारण की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। वैशाली नगर और बालाजी विहार सहित सभी कॉलोनियों में साफ-सफाई बेहतर करने पर जोर दिया गया। सिरसी-हाथोज ROB, बिंदायका रेलवे स्टेशन RUB और धानक्या क्षेत्र की परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने के निर्देश दिए गए। पेयजल और बिजली व्यवस्था पर प्राथमिकता ट्यूबवेल, OHSR और बीसलपुर जल परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए पानी की समस्या वाले क्षेत्रों में प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए गए। बिजली व्यवस्था के तहत 11 केवी और 132 केवी लाइनों को भूमिगत करने से जुड़े सुरक्षा मुद्दों को तत्काल सुलझाने को कहा गया। जनसंवाद से समाधान तक स्पष्ट विजन राठौड़ ने कहा कि “जनसंवाद से समाधान तक का सफर तभी पूरा होगा, जब सभी विभाग मिलकर काम करेंगे और जनता को वास्तविक बदलाव दिखेगा।” उन्होंने नियमित मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्य प्रणाली पर जोर दिया।