कोटा जिले के रामगंजमंडी क्षेत्र के सातलखेड़ी कस्बे में पीने के पानी की मांग को लेकर महिलाएं सड़क पर उतरीं। महिलाओं ने रामगंजमंडी-सुकेत रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की सूचना पर जलदाय विभाग के अधिकारी, नायब तहसीलदार,पटवारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी महिलाओं से समझाइश की। महिलाओं का कहना था कि गर्मी बढ़ने लगी है, उसके बावजूद 7 दिन में एक दिन पानी की सप्लाई हो रही है। ऐसे में कैसे काम चलेगा? महिलाओं का कहना है कि कई दिनों से पानी की सप्लाई बंद है। जिससे पीने के पानी तक की भारी किल्लत हो गई है। पंचायत की तरफ से टैंकरों की भी व्यवस्था नहीं की गई। चुनिंदा लोगो को टैंकर से पानी सप्लाई किया जा रहा है। सरंपंच के घर पानी के टैंकर खडे रहते हैं। स्थानीय महिलाओं ने सरपंच से शिकायत की तो सरपंच ने रोड़ जाम करने की सलाह दी। इसलिए क्षेत्र की महिलाएं सुबह 8:30 बजे रामगंजमंडी-सुकेत सड़क मार्ग पर प्रदर्शन करने पहुंची। सड़क जाम के चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, और यातायात प्रभावित रहा। सूचना पर पहुंचे अधिकारियों ने प्रदर्शन कर रही महिलाओं से समझाइश कर जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। जिसके बाद जाम खुलवाया गया। साढ़े 10 बजे तक अधिकारी महिलाओं से समझाइश में जूटे रहे।