रामसर में तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे किशोर को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना भीषण थी कि किशोर करीब 50 फीट दूर उछलकर डामर सड़क पर जा गिरा। इस हादसे में उसके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और फ्रैक्चर भी हो गया। घायल किशोर की पहचान भाचभर निवासी 15 साल के ओमाराम बेटा तेजाराम के रूप में हुई है। घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर रामसर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ग्रामीणों ने तुरंत घायल ओमाराम को निजी वाहन से रामसर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों की टीम ने उसे प्राथमिक इलाज दिया, लेकिन गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च उपचार के लिए बाड़मेर रेफर कर दिया गया। इसके बाद, ओमाराम को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से बाड़मेर भेजा गया। एम्बुलेंस पायलट लक्ष्मण कड़वासरा और ईएमटी सुरेश कुमार मेनसा उसे लेकर तुरंत बाड़मेर के लिए रवाना हुए। रामसर पुलिस इस मामले की आगे की जांच कर रही है।