पाली में एक सड़क हादसे में 22 साल के युवक की मौत हो गई। मृतक की 3 महीने पहले ही शादी हुई थी। मृतक राणाराम हॉस्पिटल में एडमिट बीमार पत्नी के लिए टिफिन लेकर जा रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राणाराम की शादी को अभी 3 महीने ही हुए थे। पत्नी के हाथों से मेहंदी का रंग अभी पूरी तरह उतरा ही नहीं था कि सड़क हादसे में 22 साल के राणाराम की दर्दनाक मौत हो गई। पत्नी की मौत से बेखबर पत्नी अभी भी हॉस्पिटल में भर्ती है और उसकी हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में उसके पति की बॉडी रखी थी। इस दुखद हादसे ने दोनों के परिवार को तोड़ कर रख दिया। राणाराम की अकाल मौत से उनका रो-रो कर बुरा हाल था। पाली जिले के सेदरिया (जेतपुर) निवासी 22 साल के राणाराम की शादी 21 अप्रेल को वायद गांव निवासी 20 साल की केलीदेवी से हुई थी। राणाराम अपने पिता का इकलौता बेटा था। एक बड़ी बहन है जिसकी शादी हो रखी है। बेटे की शादी से पूरा परिवार खुश था। राणाराम मुम्बई में खिलौनों की शॉप में काम करता था। जो शादी के कुछ दिन बाद वापस मुम्बई चला गया था। पत्नी के बीमार होने पर पहुंचा गांव मृतक के रिश्ते के भाई प्रकाश ने बताया कि राणाराम की पत्नी केलीदेवी को पेट दर्द और बुखार की शिकायत थी। पत्नी के बीमार होने की खबर मिलते ही राणाराम मुम्बई से अपने गांव लौटा। उसे पता चला कि उसकी पत्नी को इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल भर्ती करवाया गया है। ऐसे में सोमवार देर शाम को वह पत्नी से मिलने और उसे टिफिन देने के लिए बाइक से अपने दोस्तों के साथ हॉस्पिटल आ रहा था। इस दौरान यह हादसा हो गया।