जयपुर मंडल के जयपुर-बांदीकुई रेलखंड पर दौसा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए ब्लॉक लिए जाने के कारण रविवार को दो ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है। इसके साथ ही यात्रियों की बढ़ती भीड़ और लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए सालासर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में अस्थाई रूप से एक एसी थ्री टियर और एक जनरल कोच भी जोड़ा जा रहा है। जोधपुर डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि जयपुर मंडल के दौसा स्टेशन पर ब्लॉक लिए जाने के कारण 4 अप्रैल को प्रस्थान करने वाली ट्रेन संख्या 15014 काठगोदाम-जैसलमेर एक्सप्रेस (रानीखेत एक्सप्रेस) 5 अप्रैल को परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग रेवाड़ी-अलवर-जयपुर-फुलेरा के स्थान पर रेवाड़ी-रींगस-फुलेरा होकर गुजरेगी। इस दौरान ट्रेन का ठहराव नारनौल, नीम का थाना और रींगस स्टेशनों पर रहेगा। मरुधर एक्सप्रेस होगी 30 मिनट रेगुलेट नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के चलते ट्रेन संख्या 14864 जोधपुर-वाराणसी सिटी (मरुधर एक्सप्रेस) के संचालन में भी आंशिक बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 5 अप्रैल को जोधपुर से प्रस्थान कर मार्ग में लगभग 30 मिनट देरी से चलेगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। सालासर सुपरफास्ट में एक्स्ट्रा कोच ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची को देखते हुए रेलवे ने सालासर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक एसी और एक जनरल कोच अस्थाई रूप से जोड़ने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 22421/22422 जोधपुर-दिल्ली सराय रोहिल्ला-जोधपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 6 अप्रैल को जोधपुर से तथा 7 अप्रैल को दिल्ली सराय रोहिल्ला से एक एसी थ्री टियर एवं एक जनरल कोच एक ट्रिप के लिए बढ़ाया जा रहा है। इससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म सीट मिलने में सुविधा होगी।