पाली में दो युवकों ने एक युवक का पीछा किया तो बचने के लिए हार्डवेयर की दुकान में घुस गया। इस पर आरोपी बाहर खड़ी उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर फरार हो गए। पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने पुरानी रंजिश और समझौते का दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दी है। घटना गुरुवार शाम करीब सवा 6 बजे रानी खुर्द के केनपुरा रोड पर हुई। पीछा कर दुकान तक पहुंचे युवक घटना को लेकर रानी खुर्द निवासी ताराचंद पुत्र नेमाराम ने रानी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में उसने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते दो युवक उसका पीछा कर रहे थे। उनसे बचने के लिए वह केनपुरा रोड स्थित एक हार्डवेयर की दुकान में घुस गया। दोनों युवक भी उसका पीछा करते हुए वहां तक पहुंच गए, लेकिन दुकान में पहले से पांच-छह लोग बैठे होने के कारण वे अंदर नहीं आए। बाहर खड़ी बाइक को बनाया निशाना पीड़ित का आरोप है कि दुकान में मौजूद लोगों को देखकर दोनों युवक वापस लौट गए, लेकिन बाहर खड़ी उसकी बाइक में तोड़फोड़ कर दी। यह पूरी घटना दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। समझौते का बना रहे दबाव ताराचंद का कहना है कि साल 2024 में भी उस पर हमला हुआ था। उस मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी, लेकिन जमानत पर रिहा होने के बाद से वे लगातार उसे डरा-धमका रहे हैं। उसका आरोप है कि आरोपी पुराने मामले में राजीनामा कराने के लिए उस पर बार-बार दबाव बना रहे हैं।