डूंगरपुर| गुरुकुल खेल मैदान में चल रही गुरुकुल क्रिकेट अकादमी में रणजी चयन समिति के सदस्य शमशेर सिंह और अंडर-19 टीम के कोच किंचित नागर ने अकादमी का निरीक्षण किया। गुरुकुल संस्थान के निदेशक शरद एम. जोशी ने बताया कि पिछले एक माह से अकादमी में कोच सुहैल मकरानी और युवराज सिंह के मार्गदर्शन में 45 युवा प्रशिक्षु नियमित प्रशिक्षण ले रहे हैं। खिलाड़ियों को सीजन बॉल और पूरी क्रिकेट किट के साथ तकनीकी और व्यावहारिक ट्रेनिंग दी जा रही है। दौरे के दौरान शमशेर सिंह और किंचित नागर ने अकादमी की व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने खिलाड़ियों से बात की। खेल की बारीकियां बताईं। उन्होंने कहा कि डूंगरपुर जिले की उभरती प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर मौके दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।