सवाई माधोपुर के रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में टूरिज्म सीजन का आखरी दिन है। 1 जुलाई से रणथंभौर के एक से पांच नंबर तक के मुख्य जोन तीन महीने के लिए बंद रहेंगे। जबकि रणथंभौर के बाहरी जोन कहे जाने वाले जोन नंबर 6 से 10 चालू रहेंगे। वन विभाग की ओर से इस सीजन के आंकडे़ जारी किए है। जिसमें रणथम्भौर टाइगर रिजर्व में लाखों की संख्या में पर्यटकों की आवक हुई है। रणथम्भौर टाइगर से मिलने वाले रेवन्यू से राज्य सरकार को करीब 70 करोड़ रुपए की आय हुई है। 69 करोड़ से ज्यादा का रेवेन्यू मिला रणथंभौर टाइगर रिजर्व के पर्यटन डीएफओ संजीव शर्मा ने बताया- रणथंभौर टाइगर रिजर्व इस सीजन में 1 लाख 81 हजार 303 विदेशी पर्यटकों ने सफारी की। जबकि यहां 4 लाख 72 हजार 388 देशी पर्यटक घूमने आए। इस दौरान यहां 23437 स्टूडेंट्स ने भी सफारी की। रणथंभौर टाइगर रिजर्व में इस सीजन में कुल 6 लाख 77 हजार 128 पर्यटकों ने टाइगर सफारी का लुफ्त उठाया। जिससे राज्य सरकार को 69 करोड़ 82 लाख 35 हजार 179 रूपए का राजस्व मिला है। कई नामी हस्तियों ने की सफारी उल्लेखनीय है रणथम्भौर टाइगर रिजर्व देश के पसंदीदा टूरिस्ट प्लेसिस में से एक है। यहां आने वाले पर्यटकों में कई नामी हस्तियों के नाम शामिल है। इन हस्तियों में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सचिन तेंदुलकर जैसे नाम शामिल है।