दीपावली से पहले बाजार में घी की मांग बढ़ने के बीच राशमी में सरस घी के नाम पर रखे 413 किलो संदिग्ध घी का मामला सामने आया है। जिला विशेष टीम (डीएसटी), खाद्य सुरक्षा विभाग और राशमी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक मकान और दुकान से बड़ी मात्रा में घी जब्त किया है। मौके पर मिले घी के डिब्बों पर सरस घी लिखा हुआ था। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने घी के नमूने लेकर जांच के लिए लेबोरेट्री भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घी की गुणवत्ता और असलियत साफ हो पाएगी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि यह घी भीलवाड़ा के एक सेलर से लाया गया था। अब पढ़ें कैसे हुआ खुलासा… डीएसटी ने बनाई योजना पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए डीएसटी टीम को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसी के तहत गुरुवार को डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार को सूचना मिली कि राशमी कस्बे में अनिल पोखरना के मकान और दुकान में बड़ी मात्रा में देसी घी रखा हुआ है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद डीएसटी टीम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर कार्रवाई की। तलाशी में मिले घी के डिब्बे डीएसटी टीम एएसआई सूरज कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा और कुलदीप मीणा के साथ राशमी पहुंची। यहां राशमी थाना पुलिस की टीम को साथ लेकर अनिल पोखरना के मकान और दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अलग-अलग पैकिंग में घी के टिन और प्लास्टिक के डिब्बे मिले। इन पर सरस घी लिखा हुआ था। मौके पर मौजूद घी को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध मानते हुए उसके सैंपल लिए। अधिकारियों ने सभी डिब्बों को सील कर दिया और जिस कमरे में घी रखा हुआ था, उसे भी सील किया गया। जब्त किए गए घी का कुल वजन 4 क्विंटल 13 किलो यानी 413 किलो बताया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद होगी स्थिति साफ खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से लिए गए घी के नमूनों को लेबोरेट्री में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच में यह पता चलेगा कि घी मानकों के अनुसार है या इसमें किसी तरह की मिलावट है। फिलहाल विभाग ने घी को संदिग्ध मानते हुए सुरक्षित रखवाया है। पुलिस और खाद्य विभाग की टीम रही मौजूद कार्रवाई में राशमी थाना पुलिस और डीएसटी टीम के जवान शामिल रहे। राशमी थाना टीम में थानाधिकारी गेहरीलाल गुर्जर के साथ हेड कांस्टेबल हजारीलाल, कांस्टेबल सुरेश, जैसाराम, अनिल, अर्जुन और लाल मौजूद रहे। वहीं डीएसटी टीम में कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, रमेश और मनोज शामिल रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से फूड इंस्पेक्टर मनीष शर्मा और कुलदीप मीणा ने सैंपल लेने की कार्रवाई की।