डीग की ग्राम पंचायत रसिया में गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर मयंक मनीष की अध्यक्षता में हुई इस चौपाल में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं। इसका उद्देश्य राज्य सरकार की सुशासन की मंशा को साकार करना और आमजन की समस्याओं का गांव में ही समाधान करना था। चौपाल में ग्रामीणों ने आधारभूत सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। प्रमुख मांगों में जर्जर विद्युत लाइनों को बदलना, इंटरलॉकिंग खरंजा का निर्माण और चंबल परियोजना से पेयजल की सुचारू आपूर्ति शामिल थी। स्वास्थ्य और स्वच्छता के संबंध में, ग्रामीणों ने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए मच्छर रोधी दवाओं के छिड़काव का आग्रह किया। योजनाओं से जोड़ने संबंधी आवेदन भी मिले सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ, विशेष योग्यजन पेंशन स्वीकृति और पीएम किसान सम्मान निधि योजना से जोड़ने संबंधी आवेदन भी मिले। राजस्व से जुड़े मामलों में खातेदारी भूमि में हिस्सा दर्ज कराने की मांग भी रखी गई। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र व्यक्तियों को पेंशन, खाद्य सुरक्षा और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ बिना किसी देरी के मिलना चाहिए। अधिकारियों को दिए निर्देश बिजली, पानी और सड़क निर्माण से संबंधित मामलों में अधिकारियों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों से राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने और शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह और उपखंड अधिकारी नगर देवीप्रसाद मीना सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।