चूरू जिले के रतनगढ़ स्थित गवर्नमेंट जालान जिला अस्पताल से बुधवार को एक युवक की बाइक चोरी हो गई। युवक अपने बीमार पिता को डॉक्टर को दिखाने अस्पताल आया था। यह पूरी घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। शहर के वार्ड 34 निवासी वीरेंद्र लुहार अपने पिता करण लुहार की तबीयत खराब होने पर उन्हें जिला अस्पताल लेकर आया था। वीरेंद्र ने बाइक खड़ी की और पर्ची कटवाने काउंटर पर गया। इसी दौरान एक अज्ञात चोर उसकी बाइक लेकर फरार हो गया। जब वीरेंद्र वापस लौटा, तो उसे अपनी बाइक नहीं मिली। उसने तुरंत अपने बड़े भाई विक्रम को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर रतनगढ़ थाना के एएसआई राजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवक बाइक ले जाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। पीड़ित वीरेंद्र लुहार ने रतनगढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच में जुटी हुई है।