चूरू जिले के रतनगढ़ में सोमवार शाम को मालपुर सड़क मार्ग पर हाइटेंशन लाइन में स्पार्किंग से खेतों की बाड़बंदी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के किसानों को सूचना मिलते ही वे मौके पर जमा हो गए और अपने स्तर पर आग बुझाने में जुट गए। किसानों ने जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को सूचित कर बिजली आपूर्ति बंद करवाई और नगरपालिका प्रशासन को दमकल के लिए सूचना दी। हालांकि, नगरपालिका की दमकल मौके पर नहीं पहुंच पाई। इसके बाद जेसीबी और अन्य साधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। ग्रामीणों के अनुसार मालपुर रोड पर परमेश्वरी ढाका और मोहन सिहाग के खेत हैं, जिनके ऊपर से हाइटेंशन लाइन गुजरती है। सोमवार शाम को अज्ञात कारणों से लाइनों में स्पार्किंग हुई, जिससे खेतों की बाड़बंदी में आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे परमेश्वरी ढाका के खेत में खड़ी इसबगोल की फसल को नुकसान पहुंचा।