चूरू जिले की रतनगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान प्याज के कट्टों से भरे एक ट्रक से अवैध डोडा पोस्त जब्त किया है। पुलिस ने ट्रक में सवार तरणतारन, पंजाब निवासी गुरशेर सिंह और अर्शदीप सिंह को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रतनगढ़ पुलिस ने मेगा हाईवे पर पड़िहारा रेलवे फाटक के पास की। रतनगढ़ थानाधिकारी संदीप कुमार विश्नोई ने बताया कि एसपी निश्चय प्रसाद एम के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चल रहा है। एसआई गिरधारीलाल को मुखबिर से जानकारी मिली थी कि एक ट्रक में अवैध डोडा पोस्त ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस ने कड़ी नाकाबंदी करवाई। टीम ने मेगा हाईवे पर पड़िहारा में रेलवे फाटक के पास प्याज से भरे ट्रक को रोका। तलाशी में ट्रक के केबिन से 19 किलो 860 ग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने डोडा पोस्त सहित ट्रक जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। दोनों तस्करों से पूछताछ जारी है। मामले की जांच एसआई राजकुमार को सौंपी गई है।