चूरू के रतनगढ़ में पुलिस ने शनिवार को मेगा हाइवे पर एक युवक को डोडा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 960 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया गया। यह कार्रवाई मालासर और गोगासर के बीच एक होटल के पास की गई। रतनगढ़ थानाधिकारी गौरव खिड़िया ने बताया कि एसआई रतनलाल अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्होंने मेगा हाइवे पर एक होटल के पास एक युवक को हाथ में थैला लेकर खड़ा देखा। पुलिस को देखते ही युवक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। पुलिस ने युवक की तलाशी ली, जिसमें उसके थैले से 960 ग्राम डोडा पोस्त चूरा मिला। शुरुआती पूछताछ में युवक ने अपना गलत नाम बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपनी पहचान उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी क्रामत के रूप में बताई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब क्रामत से डोडा पोस्त की तस्करी के संबंध में आगे की पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क का पता लगाया जा सके।