मध्य प्रदेश के रतलाम में राजस्थान की एक युवती की उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी। 20 साल की युवती की पहचान सुनहरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह 9 अक्टूबर 2026 को अपने घर से लापता हो गई थी। मामले का खुलासा तब हुआ, जब मंगलवार दोपहर राजस्थान पुलिस आरोपी प्रेमी विकास यादव को लेकर जीआरपी थाने पहुंची। पुलिस ने उस होटल से भी सबूत जुटाए, जहां दोनों रुके थे। पुलिस के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ रतलाम के एक होटल में गई थी, जहां दोनों करीब चार घंटे तक रुके। इसके बाद प्रेमी उसे यूपी के प्रयागराज ले जाने का बहाना बनाकर प्लेटफॉर्म नंबर-4 पर रेलवे ट्रैक के पास ले गया। वहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद प्रेमी ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव रेलवे ट्रैक के किनारे बने नाले में छोड़कर उत्तर प्रदेश भाग गया। फर्स्ट ईयर की स्टूडेंट थी युवती युवती राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के घाटोल थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। वह फर्स्ट ईयर की छात्रा थी। 9 अक्टूबर 2026 को वह अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गांव में रहने वाले विकास यादव (20) पर युवती को भगाकर ले जाने का शक जताया था। विकास मूल रूप से यूपी के प्रयागराज के पास का रहने वाला है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। रतलाम में मिला शव 10 अक्टूबर की सुबह 11 से 12 बजे के बीच रतलाम जीआरपी को सूचना मिली कि रेलवे प्लेटफॉर्म नंबर-4 से आगे बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवती का शव पड़ा है। सूचना मिलने पर जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। युवती की पहचान के लिए जीआरपी ने उसकी तस्वीर सभी थानों और आसपास के जिलों की पुलिस को भेजी। तस्वीर बांसवाड़ा पुलिस के पास भी पहुंची, जिसके बाद 12 अक्टूबर को युवती की पहचान हो सकी। मंगलवार को युवती के परिजन तीन वाहनों से रतलाम पहुंचे। इसके बाद दोपहर में पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। रेलवे ट्रैक से युवती का बैग और यूनिफॉर्म मिला पोस्टमॉर्टम के दौरान राजस्थान पुलिस आरोपी प्रेमी को प्रयागराज से गिरफ्तार कर रतलाम जीआरपी थाने लेकर पहुंची। इसकी सूचना रतलाम एसपी अमित कुमार को दी गई। इसके बाद FSL अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल, बांसवाड़ा के डीएसपी देवेंद्र सिंह, उनकी टीम और रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार घटनास्थल पर पहुंचे। टीम ने आसपास तलाशी ली तो युवती का कॉलेज बैग मिला। यह बैग शव मिलने की जगह से स्टेशन की ओर करीब 100 मीटर दूर पड़ा था। बैग में किताबें, कॉपियां और कॉलेज की यूनिफॉर्म मिली। राजस्थान पुलिस ने बैग को जब्त कर लिया है। रतलाम में होटल के नंबर-2 में रुके बांसवाड़ी डीएसपी देवेंद्रसिंह के साथ एफएसएल अधिकारी ड. अतुल मित्तल के साथ आरोपी युवक विकास यादव को लेकर स्टेशन रोड के मनोहर गली स्थित होटल जय महाकाली मे पहुंची। रिसेप्शन पर रुकने के रजिस्टर देखे। युवक 9 अक्टूबर की शाम युवती को लेकर इस होटल के रुम नंबर 2 में रुका था। करीब 4 घंटे रुकने के बाद दोनों यहां से निकल गए थे। यूपी ले जाने के बहाने फिर गला दबाया बांसवाड़ा के डीएसपी देवेंद्र सिंह के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह रतलाम के एक होटल में युवती के साथ करीब चार घंटे तक रुका था। इसके बाद वह युवती को प्रयागराज ले जाने की बात कहकर स्टेशन की ओर ले गया। रेलवे ट्रैक के किनारे किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद आरोपी ने गुस्से में युवती का गला दबाकर हत्या कर दी और शव वहीं छोड़कर प्रयागराज स्थित अपने गांव चला गया। पुलिस जब आरोपी के गांव पहुंची तो वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसके परिजनों से संपर्क कर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश पहुंची। वहां आरोपी परिवार में किसी की मौत के बाद आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी के मुताबिक, जांच में यह बात भी सामने आई है कि होटल में आरोपी ने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। हत्या की वजह भी पूछताछ के बाद स्पष्ट हो सकेगी। गांव में मिठाई की दुकान पर करता था काम बांसवाड़ा पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतका एक ही गांव के रहने वाले थे। आरोपी गांव में मावे की दुकान पर मिठाई बनाने का काम करता था। वह काफी समय से अपने परिवार के साथ वहीं रह रहा था। स्टेशन के पीछे के रास्ते से युवती को ले गया रतलाम जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार के अनुसार, आरोपी ने स्टेशन क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए दूसरे रास्ते का इस्तेमाल किया। वह युवती को स्टेशन के बाहर से बकरा पुल के पास रेलवे ट्रैक की ओर ले गया। इस वजह से दोनों सीसीटीवी कैमरों में कैद नहीं हो सके। थाना प्रभारी ने बताया कि बांसवाड़ा पुलिस के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है। शुरुआती जांच में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, आरोपी के किसी दूसरी युवती से भी संबंध होने की जानकारी मिली है। हत्या की असली वजह राजस्थान पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। =========== ये खबर भी पढ़ें… झाड़ियों में मिला महिला का क्षत-विक्षत शव:ग्वालियर में रेलवे ट्रैक के पास मिली लाश, सिर पर चोट के निशान; हत्या की आशंका ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र के महू जमार गांव में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला है। शव करीब 2 से 3 दिन पुराना बताया जा रहा है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं और चेहरा बुरी तरह विकृत होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पूरी खबर पढ़ें…